बिलासपुर में श्री राम श्रद्धा यात्रा के अंतिम दिन उमड़ा जनसैलाब; कोनी से बैमा तक गूंजा जय श्रीराम..श्रद्धा के नारियल लेकर हजारों भक्त हुए यात्रा में शामिल!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से आहत रामभक्तों की श्रद्धा सोमवार को कोनी से बैमा तक विराट जनसैलाब के रूप में नजर आई। बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के संकल्प से निकली श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वत:स्फूर्त रूप से यात्रा में शामिल हुए। हाथों में श्रद्धा के नारियल, भगवा ध्वज और जुबां पर जय श्रीराम के जयघोष के साथ पूरा मार्ग राममय हो गया। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग कई किलोमीटर तक पदयात्रा करते रहे। यात्रा जिन मोहल्लों, वार्डों और गांवों से गुजरी, वहां लोगों ने घरों से बाहर निकलकर भगवान श्रीराम की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और श्रद्धा के नारियल समर्पित किए। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा का शुभारंभ कोनी से हुआ। विजय केशरवानी ने मार्ग में आने वाले मंदिरों में भगवान के श्रीचरणों में पुष्प और श्रद्धा का नारियल अर्पित किया। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान श्रीराम, माता जानकी और पवनपुत्र हनुमान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। पूरे मार्ग में राम भजन, संकीर्तन और जय श्रीराम, जय सियाराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा कोनी से शुरू होकर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, बिरकोना स्थित बुढ़ादेव मंदिर, अटल चौक, श्रीराम चौरा, मां मावली देवी मंदिर, मां महामाया मंदिर नगोई होते हुए नगोई बस्ती से ग्राम बैमा स्थित वैष्णो देवी मंदिर पहुंची। यहां पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे के साथ शाम करीब 6:30 बजे यात्रा का समापन हुआ।
श्रद्धा पर आघात से हर सनातनी आहत होता है: विजय केशरवानीं
विजय केशरवानी ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है और करोड़ों भारतीयों की आस्था उनके चरणों में बसी है। श्रीराम मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी भावना को श्रद्धा और संकल्प में बदलने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। यात्रा के दौरान एकत्र किए गए सभी नारियल अयोध्या ले जाकर श्रीरामलला के चरणों में अर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह एक गैर-राजनीतिक यात्रा है, जिसका उद्देश्य श्रद्धा, विश्वास और आस्था को व्यक्त करना है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद नायक ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। अयोध्या मंदिर में हुई घटना से हर रामभक्त आहत हुआ है। इस यात्रा के माध्यम से लोगों ने अपनी भावनाओं को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण तरीके से व्यक्त किया है। यह यात्रा सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश देती है। कांग्रेस नेता लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यात्रा ने आपसी भाईचारे और एकता का सकारात्मक संदेश दिया है। यात्रा में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा, गौरव सिंह ठाकुर, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
