बिलासपुर में बेकाबू रफ्तार का कहर; कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर..फिर मिनी बस से भिड़ी, युवक गंभीर, चालक फरार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। बेकाबू कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर एक स्कूली मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मिनी बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार क्रमांक CG 10 BH 7752 तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी क्रमांक MP 18 S 0114 को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क से गुजर रही स्कूली मिनी बस क्रमांक CG 10 BN 8858 से टकरा गई, जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (18 वर्ष) पिता मुकेश शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
