बिलासपुर; बकाया किराया नहीं चुकाने पर निगम का एक्शन: नए बस स्टैंड की 20 से अधिक दुकानें सील, एक सप्ताह की अंतिम मोहलत!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बकाया किराया वसूलने के लिए नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम की टीम ने नए बस स्टैंड स्थित निगम की 20 से अधिक दुकानों को सील कर दिया। लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल भी रहा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले अन्य बकायेदारों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम के उपायुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि कई दुकानदार लंबे समय से निगम की दुकानों का किराया जमा नहीं कर रहे थे, जिससे निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा था। कार्रवाई से पहले सभी बकायेदारों को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। इसके बावजूद अधिकांश दुकानदारों ने न तो किराया जमा किया और न ही नोटिस का संतोषजनक जवाब दिया। इसके बाद नियमानुसार दुकानों को सील करने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के नेतृत्व में निगम की टीम नए बस स्टैंड पहुंची और एक-एक कर 20 से अधिक दुकानों को सील कर दिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने अतिरिक्त समय देने की मांग करते हुए विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कई बार नोटिस दिए जाने और पर्याप्त समय बीतने के बावजूद बकाया जमा नहीं किया गया, इसलिए कार्रवाई अपरिहार्य थी। नगर निगम के अनुसार, वर्षों पहले आवंटित इन दुकानों का मासिक किराया निर्धारित है, लेकिन कई दुकानदार लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे थे। इसी को देखते हुए निगम ने बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। निगम प्रशासन ने दुकानदारों को अंतिम अवसर देते हुए एक सप्ताह की मोहलत दी है। निर्धारित अवधि में बकाया किराया जमा करने पर नियमानुसार दुकानों की सील खोल दी जाएगी। निगम का कहना है कि शहर में निगम की अन्य संपत्तियों का भी सर्वे कराया जा रहा है। बकाया किराया नहीं चुकाने वाले सभी दुकानदारों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि निगम का बकाया राजस्व वसूला जा सके।
