बिलासपुर; कोटा क्षेत्र की महिला से संबंधों के शक में वारदात: आंखों में मिर्ची झोंक बार बाउंसर की हत्या…सिर पर पत्थर पटककर उतारा मौत के घाट!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा में गुरुवार रात एक जिम संचालक और बार बाउंसर सप्लायर की हत्या से सनसनी फैल गई। हमलावर ने पहले युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए सिम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कोनी निवासी निखिल गोस्वामी जिम संचालक होने के साथ-साथ शहर के कई बारों में बाउंसर उपलब्ध कराने का काम करता था। कार्य के सिलसिले में उसने कोटा के पथर्रा गांव में एक मकान किराए पर ले रखा था। गुरुवार रात वह किसी काम से वहां पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले निखिल की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया, जिससे वह संभल नहीं सका। इसके बाद हमलावर ने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल निखिल को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सिम्स रेफर किया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक का कोटा क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला से परिचय था। महिला का पति लंबे समय से दोनों के संबंधों को लेकर शंका करता था और इसी कारण निखिल से रंजिश रखता था। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी नुपूर उपाध्याय तथा एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी आकाश चौधरी ने बताया कि संदिग्ध आरोपी की तलाश में टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
