पुरानी रंजिश में पत्थर से कुचलकर की गई हत्या: अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी; नाबालिग और महिला आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार!

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) पुलगांव थाना अंतर्गत पुलिस चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए एक नाबालिग अपचारी बालक और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को ग्राम करहीडीही निवासी महेंद्र कुमार निषाद ने सूचना दी थी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव गांव के दुर्गा मंच के पीछे खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर एक 16 वर्षीय अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व विवाद के कारण आरोपी मृतक से रंजिश रखता था। घटना की रात 25 अप्रैल को आरोपियों ने मृतक के नशे में होने का फायदा उठाया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गमछे से पैर बांधकर उसे घसीटते हुए ले गए और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि सावित्री निषाद (40 वर्ष), निवासी करहीडीही ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े और जूते जला दिए थे। इस आधार पर पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, जले हुए कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


















