भनपुरी चौक के पास 5 वाशिंग मशीन के साथ दो चोर गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन की टीम ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 वाशिंग मशीन और घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर क्षेत्र में नशे और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस को 24 अप्रैल की रात श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक के गोदाम से वाशिंग मशीन चोरी होने की शिकायत मिली थी। प्रार्थी ने बताया कि उसने गोदाम से सामान वाहन में लोड कर घर के पास खड़ा किया था, जहां से अज्ञात चोर 5 वाशिंग मशीन चोरी कर ले गए। मामले में थाना खमतराई में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी चौक के पास दो व्यक्ति चोरी की वाशिंग मशीन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इंद्रजीत साहू (19) और सल्लू साहू उर्फ राहुल (19), निवासी सूर्य नगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर बताया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 5 वाशिंग मशीन और चोरी में प्रयुक्त वाहन (क्रमांक CG04PP4696) जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 7.30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।


















