नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार!

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना चांपा पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका के अपहरण की सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अविनाश उर्फ शुभम तम्बोली (28 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 25, चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर बिलासपुर की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश वैष्णव एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


















