जशपुर में सनसनी: पिता ने बेटी की टांगी से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार!

जशपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामटोली में एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, घर निर्माण के लिए ईंट-गिट्टी और पैसों की बात को लेकर आरोपी लौरेस लकड़ा (47) और उसकी 23 वर्षीय बेटी बिंदिया लकड़ा, जो आंगनबाड़ी सहायिका थी, के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर टांगी के पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी भी जप्त कर ली है। मामले की जांच जारी है।
