बिलासपुर; रपटा पुल के पास नदी में मिला बुजुर्ग का शव, नशे की हालत में गिरने की आशंका…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र के रपटा पुल के पास उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने नदी में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक बुजुर्ग शराब के नशे में था और नदी किनारे-किनारे पैदल चल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पुल से नीचे नदी में जा गिरा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण बचाव सफल नहीं हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आस-पास के लोगों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है ताकि उसकी शिनाख्त की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि यह हादसा नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
