सड़क हादसा, खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत….

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से कलश यात्रा देखने रायगढ़ जा रहे थे, तभी सड़क पर खड़ी एक पिकअप से उनकी बाइक टकरा गई। मिली जानकारी के अनुसार, पटेलपाली निवासी पंकज महंत 21 और उसका साथी समीर दास बैरागी 19 रात करीब 9.30 बजे बाइक पर घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि पटेलपाली मंडी के पास हल्की बारिश और अंधेरा होने की वजह से सड़क पर बिना संकेत खड़ी पिकअप दिखाई नहीं दी और टकरा गए, अचानक हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और डायल-112 की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज और समीर को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक पढ़ाई बीच में छोड़कर मजदूरी का काम करते थे। हादसे के बाद परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, बिना संकेत सड़क पर पिकअप खड़ी करने वाले वाहन चालक की लापरवाही को लेकर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
