युवक ने की सुसाइड की कोशिश, ग्रामीणों ने बचाई जान, अस्पताल में इलाज जारी…..

धमतरी: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम बोडरा निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र यादव ने सुसाइड की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र यादव सुलभ शौचालय के पास नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे देख लिया और तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी। देखते ही देखते शौचालय के बाहर भीड़ जुट गई। सरपंच और ग्रामीणों ने युवक को करीब डेढ़ घंटे तक समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। आखिरकार जब जितेंद्र फंदे से झूल गया तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। बेहोशी की हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की पुष्टि की है और बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
