बिलासपुर; दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशियों को कुचला, 8 गायों की मौत, गर्भवती गाय का पेट फटा…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में मवेशियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात रतनपुर रोड पर गतौरी गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को कुचल दिया। इस घटना में 8 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गर्भवती गाय का पेट फट जाने से उसका बछड़ा बाहर निकल गया और दोनों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे गौ सेवकों ने जब यह मंजर देखा तो आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने हंगामा करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार, हादसा रात कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी स्थित सीमा फ्यूल्स के पास बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हुआ। बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठे थे। तभी तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चला रहा ट्रक चालक मवेशियों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना में कई गायें घायल भी हुईं, जो तड़पती रही। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
