बिलासपुर; रेलवे कोचिंग डिपो हादसा, ठेका कर्मी की मौत, इलाज व मुआवजे को लेकर परिजनों का हंगामा…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में रेलवे कोचिंग डिपो में बड़ा हादसा हो गया। ओएचई तार की चपेट में आए ठेका कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण लगातार इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोश जता रहे हैं। ठेका कर्मी प्रवीण बर्मन बुधवार को एसी कोच की छत पर चढ़कर लीकेज सुधार रहा था। तभी वह ओवरहेड तार के संपर्क में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार सुबह 9:25 बजे उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद परिजनों ने इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर डीआरएम कार्यालय का घेराव किया। नाराज ग्रामीणों ने गेट बंद होने पर वहीं धरना दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने ठेकेदार को बुलाया। शुरुआत में उसने इलाज की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया, लेकिन दबाव के बाद खर्च उठाने का आश्वासन दिया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि अब तक अस्पताल का भुगतान नहीं किया गया है।ठेका कर्मी की मौत ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों की मांग है कि मुआवजे की स्पष्ट घोषणा हो और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ।
