बिलासपुर; हाइवे पर अज्ञात ट्रक ने मवेशियों को कुचला, 3 की मौत, 2 घायल, पुलिस जांच में जुटी…..


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशियों को बेरहमी से रौंद दिया। हादसा सकरी हाइवे पर तिवारी पारा के पास हुआ है। इस दर्दनाक हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हाइवे से गुजर रहा एक अज्ञात ट्रक अचानक मवेशियों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग और गौशेवक मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही सकरी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल मवेशियों को इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वाहन की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक तक पहुंचा जा सके। तेज रफ्तार और लापरवाही का यह मामला फिर एक बार यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब थमेगा हाइवे पर मौत का यह सिलसिला।

