सनकी आशिक ने रची मौत की खौफनाक साजिश: प्रेमिका के पति को मारने भेजा बारूद से भरा स्पीकर, टली बड़ी घटना, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….

खैरागढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) एकतरफा प्यार की सनक ने पूरे इलाके को दहला दिया। खैरागढ़ जिले के गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। यहां एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पति को मारने की नीयत से होम थिएटर स्पीकर में बम फिट कर गिफ्ट पैक करके भेज दिया। किस्मत से बड़ा हादसा टल गया, वरना पूरा इलाका धमाके से हिल जाता। गंडई निवासी अफसार खान के घर यह पार्सल पहुंचा। बाहर से बिल्कुल नया होम थिएटर जैसा लग रहा था, लेकिन उसे उठाते ही अफसार को शक हुआ। पेशे से इलेक्ट्रिशियन होने के कारण उन्होंने खतरा भांप लिया। पार्सल खोलने पर उसके भीतर से जिलेटिन की छड़ें और तारों से जुड़ा डिटोनेटर निकला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि स्पीकर के अंदर बना यह आईईडी इस तरह डिजाइन किया गया था कि जैसे ही उसे बिजली से जोड़ा जाता, करंट सीधे डिटोनेटर तक पहुंचकर जोरदार धमाका कर देता। स्पीकर का आवरण भी छर्रों की तरह घातक साबित होता। जांच में मास्टरमाइंड विनय वर्मा का नाम सामने आया। उसने इंटरनेट से ट्यूटोरियल देखकर बम बनाया था। उसका मकसद प्रेमिका के पति अफसार खान की हत्या करना था। लेकिन वह अकेला नहीं था। इस साजिश में फाइनेंसर, सप्लायर, डिलीवरी करने वाले और फर्जी इंडिया पोस्ट लोगो तैयार करने वाले समेत कुल 7 आरोपी शामिल थे। पुलिस की छापेमारी में आरोपियों के ठिकानों से 60 जिलेटिन स्टिक और 2 डिटोनेटर बरामद किए गए। जिलेटिन दुर्ग जिले की पत्थर खदानों से अवैध रूप से लाया गया था। एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा ने इसे बड़ी सफलता करार दिया। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक हत्या की साजिश को नाकाम करने का मामला नहीं है, बल्कि अवैध विस्फोटक सप्लाई के नेटवर्क का भंडाफोड़ भी है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की साजिश, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

