पावर प्लांट हादसा : करंट की चपेट में आया कर्मचारी, मौत; परिजनों को मिला 12 लाख मुआवजा और नौकरी का आश्वासन!

कोरबा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में हसदेव थर्मल पावर स्टेशन (HTPS) में करंट की चपेट में आए कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा 7 अगस्त को दर्री थाना क्षेत्र में हुआ था, जिसमें ठेका कर्मी सुरेंद्र साहू और इंजीनियर आकाश कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल में भर्ती सुरेंद्र ने 15 अगस्त की सुबह दम तोड़ दिया। सुरेंद्र साहू (25) अयोध्यापुरी दर्दी का रहने वाला था। घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर हंगामा किया। देर रात प्रबंधन की ओर से 12 लाख रुपए मुआवजा और मृतक के परिवार से एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। हादसे के समय जीमैक्स कंपनी को क्लीनिंग और टाइटनेस का काम ठेके पर दिया गया था। यार्ड में काम करते समय सुरेंद्र लाइव ब्रेकर की चपेट में आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में इंजीनियर आकाश कुजूर भी झुलस गया। फिलहाल आकाश का इलाज जारी है। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर कंपनी की जवाबदेही तय की जा रही है।
