बिलासपुर; दिनदहाड़े युवक ने लहराया चाकू, पैसों की मांग से मची दहशत..सिविल लाइन पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, CCTV के बावजूद आरोपी अब तक आज़ाद क्यों?

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के हृदयस्थल महाराणा प्रताप चौक में स्थित शराब दुकान के सामने दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। शनिवार दोपहर एक युवक ने खुलेआम चाकू लहराते हुए लोगों को डराया और एक अन्य युवक से पैसों की मांग की। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां रोजाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम गश्त करती है। लेकिन स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। लोग दावा कर रहे हैं कि गश्त करने के बजाय पुलिसकर्मी शराब दुकान के आसपास अवैध वसूली में लगे रहते हैं, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक जिसे लोग ईशु के नाम से पहचानते हैं एक अन्य युवक को चाकू दिखाकर पैसों की मांग करता नजर आ रहा है। इसके बावजूद पुलिस अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कोई इन घटनाओं का विरोध करता है या पुलिस से शिकायत करता है, तो उसे ही परेशान किया जाता है। इससे लोग चुप रहने पर मजबूर हो जाते हैं और अपराधियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या कानून व्यवस्था अब सिर्फ कैमरे की रिकॉर्डिंग तक ही सीमित रह गई है? क्या पुलिस की सक्रियता अब केवल दिखावे की हो गई है? अब पूरे शहर की निगाहें पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार करेंगे, बल्कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता की भी जांच करेंगे। सवाल यह भी है कि क्या यह मामला कागजों तक ही सीमित रह जाएगा, या फिर इसमें कोई ठोस एक्शन लिया जाएगा?
