पूर्व सरपंच की लापरवाही उजागर: मटियारी राशन दुकान से 300 क्विंटल से ज्यादा खाद्यान्न गायब..बिलासपुर कलेक्ट्रेट में हुई शिकायत, खबर पढ़कर समझिए पूरा मामला……..


सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत मटियारी में संचालित उचित मूल्य दुकान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सरपंच पद का कार्यभार संभालते ही नए सरपंच ने 16 अप्रैल 2025 को पूर्व सरपंच और विक्रेताओं से दुकान का प्रभार लिया। प्रभार ग्रहण के दौरान जो खाद्यान्न स्टॉक सौंपा गया, उसमें भारी गड़बड़ी सामने आई है। पूर्व सरपंच द्वारा प्रभार में चावल 156.33 क्विंटल, शक्कर 4.00 क्विंटल, नमक 11.50 क्विंटल और केरोसिन 0.00 बताया गया। लेकिन रिकॉर्ड के मुताबिक, लगभग 322.97 क्विंटल चावल, 2.28 क्विंटल शक्कर और 1.34 क्विंटल नमक कम पाया गया है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न की अब तक कोई भरपाई नहीं की गई है। इस गड़बड़ी के चलते राशन कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है और ग्रामवासियों में भारी रोष है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों की मांग हैं कि पूर्व सरपंच और विक्रेताओं से बचा हुआ खाद्यान्न तत्काल दिलाया जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी दोबारा न हो।

