बिलासपुर; देवरीखुर्द अटल आवास के रहवासी भड़के: बिना सुविधा 50 हजार वसूली का नोटिस, दी चक्काजाम की चेतावनी..पढ़िए पूरी खबर…..


बिलासपुर:(प्रांशु क्षत्रिय) वार्ड क्रमांक 43 देवरीखुर्द स्थित अटल आवास में रहने वाले सैकड़ों परिवार इन दिनों निगम प्रशासन के रवैये से बेहद आक्रोशित हैं। प्रशासन ने उन्हें 30 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक की एकमुश्त राशि पटाने का नोटिस थमा दिया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नाराज रहवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अफसरों से अपनी पीड़ा साझा की और चेतावनी दी कि यदि नोटिस वापस नहीं लिया गया तो वे पावर हाउस चौक में चक्काजाम करेंगे। साल 2000 के आसपास शासन द्वारा देवरीखुर्द में अटल आवास का निर्माण कर बंधवापारा, हेमूनगर सहित अन्य क्षेत्रों से गरीब परिवारों को यहां बसाया गया था। इन्हें तय मासिक किश्तों पर आवास तो दे दिए गए, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव बना रहा। आज तक न नाली बनी, न नियमित सफाई होती है और न ही बिजली-पानी की उचित व्यवस्था है। रहवासियों का कहना है कि उन्होंने कभी भी किश्त देने से इनकार नहीं किया, लेकिन सुविधाओं के अभाव और बार-बार की शिकायतों की अनदेखी से आहत होकर उन्होंने किश्त देना बंद कर दिया था। अब अचानक निगम की ओर से 30 से 50 हजार रुपये की एकमुश्त राशि जमा करने का दबाव बनाना न सिर्फ अन्यायपूर्ण है, बल्कि गरीबों के साथ खुला अत्याचार है। रहवासियों ने दो टूक कहा है कि वे पूर्व की तरह 315 रुपये की मासिक किश्त भरने को तैयार हैं, लेकिन जब तक उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक कोई अतिरिक्त राशि नहीं देंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो पूरे इलाके के लोग सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेंगे।

