दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार से भिड़ी बाइक, तीन दोस्तों की मौत..एक ही गांव के थे तीनों, तेज रफ्तार बनी जानलेवा, कार चालक भी घायल…गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….


छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) होली के दूसरे दिन कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में तीन दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा खोडरी के पास हुआ, जहां बाइक पर सवार तीन युवक किसी काम से निकले थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ननकू उर्फ अखलेश्वर (18), आदित्य धोबी (21) और सूरज कंवर (21) के रूप में हुई है। तीनों बरबसपुर स्कूल बस्ती के रहने वाले और बचपन के दोस्त थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया। जटगा चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के अनुसार, दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। कार चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कंधे पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद राहगीरों ने 112 और जटगा चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। तीन युवकों की असमय मौत से गांव में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। होली का त्योहार जहां खुशियों का प्रतीक होता है, वहीं इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


