VIDEO; बिलासपुर! आत्मानंद स्कूल के वॉशरूम में सीसीटीवी कैमरा मिलने से मचा हड़कंप, जांच के आदेश..वीडियो देख पढ़िए पूरी खबर…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) लिंगियाडीह स्थित आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब छात्रों ने बॉयज वॉशरूम में सीसीटीवी कैमरा देखा। इस चौंकाने वाली घटना की शिकायत तुरंत स्कूल प्रबंधन से की गई, जिसके बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) तक पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने वॉशरूम में लगातार हो रही तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण निगरानी के उद्देश्य से कैमरा लगाया था। हालांकि, इस संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी लगाने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर किन परिस्थितियों में वॉशरूम में कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी। यह घटना स्कूलों में छात्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छेड़ सकती है।
