बिलासपुर में बढ़ी स्वास्थ्य चिंताएँ, डॉक्टर को स्वाइन फ्लू तो डायरिया से महिला की मौत, पढ़िए पूरी खबर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिम्स अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएँ और बढ़ गई हैं। सोमवार को स्वाइन फ्लू से तीन मरीजों की मौत के बाद एक ही दिन में 6 नए मरीज मिले थे। मंगलवार को सिम्स के एक जूनियर डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टर नूतन चौक सीएमएचओ कार्यालय स्थित पीजी हॉस्टल में रह रहे हैं और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की बुधवार को जांच की जाएगी। इस प्रकार स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 11 हो गई है। चिंता की बात यह है कि इन मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री स्पष्ट नहीं है, जिससे संक्रमण के स्रोत का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा, तिफरा कुंदरापारा निवासी 33 वर्षीय सुनीता की डायरिया के कारण सिम्स में मौत हो गई। सुनीता को 4 दिन पहले सिम्स में भर्ती किया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
