रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया; 3 आरोपी गिरफ्तार..कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, 4.81 लाख का माल बरामद!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कोनी थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपए कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर रात के समय घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी किए गए थे। प्रार्थियों की शिकायत पर तीन अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला सुराग……
चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस एक विधि से संघर्षरत बालक तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपने साथियों राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर तीनों वारदातों को अंजाम देना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़ने और अंदर प्रवेश कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
चांदी-सोने के जेवर समेत लाखों का माल बरामद……
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 6,700 रुपए नकद और चोरी में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया। बरामद कुल मशरूका की कीमत 4,81,488 रुपए बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।
