जहर खाने के बाद अस्पताल के बाहर तड़पता रहा युवक : डॉक्टर नहीं होने का आरोप, VIDEO वायरल, कलेक्टर बोले- कराएंगे जांच
बलरामपुर के रेवतपुर स्वास्थ्य केंद्र में जहर सेवन के बाद युवक के समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप है। VIDEO वायरल होने पर कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई की बात कही....


बलरामपुर। जिले के रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जहर सेवन करने के बाद इलाज के लिए पहुंचे एक युवक को समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगा है। युवक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर तड़पता रहा, जिसका VIDEO अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जहर सेवन करने के बाद युवक को उपचार के लिए रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। आरोप है कि उस समय स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर मौजूद नहीं थे और वहां केवल स्टाफ नर्स थी। युवक की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर लेकर रवाना हो गए।
अस्पताल के बाहर तड़पता रहा युवक
घटना से जुड़ा VIDEO सामने आने के बाद स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इलाज की जरूरत होने के बावजूद युवक को समय पर चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल सकी।
तीन दिन के भीतर दूसरी घटना
बताया जा रहा है कि रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से तीन दिन के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना सामने आई है, जिसके बाद यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की उपलब्धता और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज दिए जाने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
कलेक्टर बोले- लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
मामला जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। कलेक्टर के मुताबिक, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि घटना में किस स्तर पर लापरवाही हुई है। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।




