रायपुर में नशे की 2100 गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार : बैग में मिली 8.40 लाख की नाइट्राजेपम, ग्राहक तलाशते पकड़ा गया
रायपुर में पुलिस ने 2,100 नाइट्राजेपम की नशीली गोलियों के साथ मोहम्मद असजद को गिरफ्तार किया। जब्त गोलियों की कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है....


रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस ने नाइट्राजेपम की बड़ी खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2,100 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद असजद (30) के रूप में हुई है। वह डंगनिया क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस को उसके पास प्रतिबंधित गोलियों को रखने या उनकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को जानकारी मिली थी कि महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध युवक को पकड़ने के बाद जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद हुईं। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद असजद बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इन गोलियों को ओडिशा से लाने की बात कही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 दर्ज किया है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(C) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नाइट्राजेपम की इतनी बड़ी खेप किसने उपलब्ध कराई थी और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
पूछताछ के आधार पर पुलिस गोलियों के स्रोत से लेकर इनके परिवहन और बिक्री के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले कितनी बार ऐसी गोलियों की सप्लाई की है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
94 मामलों में 207 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने अब तक NDPS एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाई में गांजा, नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल कीमत 7.19 करोड़ रुपए से ज्यादा है।




