रायपुर में सैलून से MDMA ड्रग्स जब्त : दो महिलाएं और ट्रांसजेंडर गिरफ्तार, 1.47 लाख का नशा बरामद
रायपुर के शंकर नगर स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर 14.73 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त की। मामले में दो महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया गया है....
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित एक सैलून एवं वेलनेस सेंटर में छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 47 हजार 300 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में MDMA की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद तीन लोगों की तलाशी ली गई। पुलिस का दावा है कि तलाशी में उनके पास से 14.73 ग्राम MDMA बरामद हुई। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
दुर्ग और रायपुर के निवासी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशा नायक (27), निवासी सुपेला, दुर्ग; कृष्णा तिवारी (29), निवासी मोवा, रायपुर; और हेमंत थापा (36), निवासी अवंती विहार, रायपुर के रूप में हुई है। इस मामले में खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 405/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की है।
ड्रग्स कहां से आई, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त MDMA कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपियों से पूछताछ के जरिए नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले लोगों और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
