फॉर्च्यूनर कार के नाम पर 20 लाख की ठगी: गिरवी रखने का झांसा देकर दूसरे को बेच दी गाड़ी, रकम मांगने पर थमाया फर्जी चेक; साइबर तकनीक से चढ़ा पुलिस के हत्थे!

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) फॉर्च्यूनर कार की खरीदी-बिक्री के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले वाहन को गिरवी रखने और बेचने का सौदा किया, लेकिन बाद में उसी वाहन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। रकम वापस मांगने पर उसने फर्जी चेक देकर पीड़ित को गुमराह करने का प्रयास किया। चेक बाउंस होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विवेक डडसेना पिता लक्ष्मीप्रसाद डडसेना, निवासी ग्राम करनौद, थाना बिर्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
20 लाख में हुआ था सौदा……..
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी चंद्रप्रकाश जायसवाल, निवासी सर्वमंगला नगर, दुरपा (जिला कोरबा) ने 27 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2024 को उसने आरोपी विवेक डडसेना से फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 11 BN 1748 को गिरवी रखने अथवा खरीदने के लिए 20 लाख रुपये में सौदा किया था। आरोप है कि सौदा करने के बाद विवेक डडसेना ने उक्त वाहन को किसी अन्य व्यक्ति के पास बेच दिया। जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे चेक दे दिया, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
मोबाइल लोकेशन से मिली सफलता……
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में अपराध क्रमांक 267/26 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साइबर तकनीक और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी को पुलिस ने 19 जून 2026 को उसके निवास क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त…….
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वाहन खरीद-बिक्री में बरतें सावधानी : पुलिस………
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन की खरीदी-बिक्री के दौरान वाहन के दस्तावेजों और मालिकाना हक की पूरी जांच अवश्य करें। बड़े वित्तीय लेन-देन बैंकिंग माध्यमों से ही करें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका……
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक श्याम राठौर, प्रकाश द्विवेदी तथा थाना बिर्रा के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
