असंगठित क्षेत्र कांग्रेस प्रकोष्ठ में संगठन विस्तार; बिलासपुर शहर में 4 नए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने बिलासपुर शहर में संगठन का विस्तार करते हुए चार नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु तथा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के अनुमोदन के बाद शहर जिलाध्यक्ष गौरव ऐरी ने नियुक्तियों की घोषणा की। जारी सूची के अनुसार ब्लॉक क्रमांक-1 में विनय रात्रे, ब्लॉक क्रमांक-2 (मध्य बिलासपुर) में परमेश्वर रजक, ब्लॉक क्रमांक-3 (सरकंडा) में देवकुमार वर्मा तथा ब्लॉक क्रमांक-4 (रेलवे) में संजय सोनार को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाध्यक्ष गौरव ऐरी ने कहा कि संगठन विस्तार का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और आम लोगों तक संगठन की पहुंच को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को सामने लाने और उनके निराकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। ऐरी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने नियुक्तियों के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु एवं प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप संगठन को मजबूत करने तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने की अपील की।
