Raftaar News Cg

ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 13 से अधिक निवेशकों से जुटाई थी करोड़ों की रकम; 6 प्रतिशत मासिक मुनाफे का झांसा देकर 1.77 करोड़ की ठगी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी!

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) शेयर मार्केट में निवेश पर प्रतिमाह 6 प्रतिशत रिटर्न और मूलधन की सुरक्षित वापसी का प्रलोभन देकर 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कोतवाली पुलिस ने आरोपी को जिला जांजगीर-चांपा से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा की शिकायत पर 30 मई 2026 को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात विश्वजीत देवनाथ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को एलईडी बल्ब निर्माण और शेयर मार्केट ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़ा बताते हुए निवेश पर हर महीने 6 प्रतिशत लाभ देने और मूलधन किस्तों में लौटाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों पर विश्वास कर संजय मिश्रा ने बैंक से 12 लाख रुपये का ऋण लेकर निवेश किया। शुरुआती दौर में नियमित भुगतान मिलने से भरोसा बढ़ा और कई अन्य लोगों ने भी अपनी जमा पूंजी निवेश कर दी।

13 से अधिक निवेशकों से जुटाए 1.77 करोड़ रुपये……..

जांच में सामने आया कि आरोपी ने संजय मिश्रा सहित विकास साहू, राकेश मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्रही, शिशुपाल, कृष्णा पाण्डे, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनिल गुप्ता और अजय वर्मा समेत 13 से अधिक निवेशकों से कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये जमा कराए थे। बाद में निवेशकों को संदेह हुआ जब कथित शेयर ट्रेडिंग से जुड़े डीमैट खाते और निवेश संबंधी कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली।

चांपा में भी दर्ज है धोखाधड़ी का मामला……

अपराध क्रमांक 288/2026 की विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ जांजगीर-चांपा जिले के थाना चांपा में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कबूला निवेश योजना चलाने का खेल…….

पूछताछ में आरोपी विश्वजीत देवनाथ ने स्वीकार किया कि वह लोगों से राशि लेकर विभिन्न बैंक खातों और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करता था। शुरुआती दौर में निवेशकों को ब्याज और रकम लौटाकर उनका विश्वास जीतता था, जिससे अधिक लोग निवेश के लिए प्रेरित होते गए। आरोपी ने दावा किया कि मई 2025 के बाद शेयर बाजार में भारी नुकसान होने के कारण वह निवेशकों की राशि वापस नहीं कर सका। उसने यह भी बताया कि उसके उपयोग में रही फॉर्च्यूनर वाहन और बैंकिंग दस्तावेज थाना चांपा में दर्ज मामले में पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ (43 वर्ष), निवासी ईटला पोडापाड़ा, पोस्ट कालीहाट, थाना कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब उसके बैंक खातों, ट्रेडिंग खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है। साथ ही संभावित निवेश नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की भी पड़ताल की जा रही है।

YOUTUBE RAFTAAR NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Latest
बिल्हा में घर के बाहर खड़ी बाइक पर चोरों की नजर, रेकी कर उड़ाई मोटरसाइकिल..पुलिस ने 24 घंटे में दबोच... लालखदान में बेखौफ चोर; दुकान के बाहर रखी 16 लोहे की प्लेटें पार, CCTV में कैद हुई करतूत..ओवरब्रिज के... शासकीय कार्य से जा रही महिला कर्मी को रोका, गाली-गलौज व धमकी; पांच आरोपी गिरफ्तार! गुरु बालक दास शहादत स्थल के विकास की मांग; 1 दिसंबर से पैदल मार्च की चेतावनी..सतनामी समाज ने राज्यपा... गतौरा गणेश पंडाल में बाजा बजाने को लेकर खूनी बवाल; युवक की हत्या..लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और छुरी से हम... जनदर्शन में गूंजी जनता की समस्याएं, कलेक्टर-एसएसपी ने सुनी फरियाद; जर्जर स्कूल भवन से लेकर 13 माह से... डीजी जेल हिमांशु गुप्ता का बड़ा कदम : दुर्ग में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल, 30 बंदियों को मि... कांग्रेस की संगठन सृजन मुहिम का समापन : 307 ब्लॉक अध्यक्षों को मिला प्रशिक्षण, दीपक बैज बोले- अब जमी... रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया; 3 आरोपी गिरफ्तार..कोनी पुलिस ने चोरी क... असंगठित क्षेत्र कांग्रेस प्रकोष्ठ में संगठन विस्तार; बिलासपुर शहर में 4 नए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त!