अपोलो चौक में युवक पर जानलेवा हमला, FIR के 24 घंटे बाद भी आरोपी पकड़ से बाहर..धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे बदमाश!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोपका निवासी दीपक चंद्रा ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 जून की रात करीब 9 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान अपोलो चौक के पास पुराने विवाद को लेकर कुनाल वर्मा उर्फ क्राइम और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी धारदार हथियारों से लैस थे और उन्होंने पहले दीपक के साथ गाली-गलौज की, फिर जबरन उसे अपने साथ ले जाकर एसबीआई बैंक के पास स्थित मैदान में बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला किया, जिससे उसके चेहरे, आंख, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। जान का खतरा महसूस होने पर वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागा और अपनी जान बचाई। मामले में सरकंडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
