बिलासपुर; खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: अवैध रेत और चूनापत्थर परिवहन पर कार्रवाई, 5 हाइवा व 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश एवं खनिज विभाग के विशेष अभियान के तहत की गई। खनिज विभाग की टीम ने 6 से 8 जून के बीच सरकंडा, सीपत, करगी, कोटा, पोड़ी, कोनी और मंगला क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत और चूनापत्थर का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करगी क्षेत्र में रेत परिवहन कर रहे एक हाइवा, कोनी क्षेत्र में चूनापत्थर परिवहन कर रहे एक हाइवा तथा सरकंडा क्षेत्र में चूनापत्थर परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। वहीं सीपत क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक हाइवा पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा मंगला क्षेत्र के शिवघाट बैराज में अवैध रेत उत्खनन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा पोड़ी क्षेत्र में रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया। जब्त सभी वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों कोनी, कोटा, सरकंडा और सीपत की अभिरक्षा में रखा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कुल जब्त वाहन हाइवा -5, ट्रैक्टर-ट्रॉली -4।
