सीपत; रेल्वे फाटक के पास मिला वृद्धा का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी..पुलिस जुटी जांच में!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बनियाडीह में रेलवे फाटक के पास खेत की मेड़ पर एक 70 वर्षीय वृद्धा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बोधिन बाई रात्रे उम्र 70 वर्ष, निवासी चंदनिया, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बोधिन बाई 4 जून की सुबह ग्राम धनिया में अपने रिश्तेदार यहां से बलौदा जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश के दौरान 6 जून की शाम ग्राम बनियाडीह के कोटवार ने शव मिलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर वृद्धा का शव पलाश के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। शव से दुर्गंध आ रही थी तथा शरीर फूल चुका था। मृत्यु के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
