बिलासपुर; इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बनाता था शिकार: महिला की फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिटी कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं की फोटो एडिट कर अश्लील बनाता था और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करता था। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। आरोपी ने एडिट की गई फोटो पीड़िता और उसके पति के मोबाइल पर भेजी और बदनाम करने की धमकी देते हुए 12,000 रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उक्त फोटो यूट्यूब पर भी अपलोड कर दिया और उसे हटाने के लिए भी पैसे मांगे। डर के कारण पीड़िता ने आरोपी को 2,000 रुपये भेज दिए। मामले में अपराध क्रमांक 328/2026 के तहत बीएनएस की धारा 308(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(E) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने जिला बिलासपुर के ग्राम राक निवासी मेवालाल साण्डे उर्फ अजय (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर महिलाओं से दोस्ती करता था। इसके बाद उन्हें विश्वास में लेकर उनकी फोटो मांगता और फिर उसे एडिट कर अश्लील रूप में बदल देता था। इसके बाद वह फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ इसी तरह के दो अन्य मामलों में भी अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और निजी फोटो या जानकारी साझा करने से बचें। सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।


















