सूरजपुर में नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप, मामला दर्ज!

सूरजपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) भटगांव थाना क्षेत्र में 11वीं की एक नाबालिग छात्रा ने अपने शिक्षक पर अश्लील बातें करने और छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, हरकेश जायसवाल नामक शिक्षक उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि शिक्षक का व्यवहार पहले भी संदिग्ध रहा है और वह अन्य छात्राओं के साथ भी इस तरह की हरकत कर चुका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने तत्काल भटगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है और जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिक्षा विभाग भी अपनी जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
