सूखे नशे पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…ड्यूटी पर तैनात आरक्षक हेरोइन के साथ गिरफ्तार!

रायपुर:( प्रांशु क्षत्रिय) पुलिस कमिश्नरेट की सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना टिकरापारा क्षेत्र में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को अवैध मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से करीब 1 ग्राम चिट्टा, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन (34 वर्ष), निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, हाल पता पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक की कड़ी की गहन जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
