बाघ के शिकार केस, महिला सरपंच गिरफ्तार, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद कार्रवाई…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) सूरजपुर जिले में बाघ के शिकार के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। भैसामुंडा गांव की सरपंच सिस्का कुजूर (37) को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बाघ के दो नाखून और बाल बरामद किए गए हैं। यह मामला तब सामने आया जब घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र में एक बाघ का शव मिला। पोस्टमार्टम में बाघ की मौत करंट लगने से होना पाया गया, जबकि उसके नाखून और दांत गायब थे। शरीर पर जलने के निशान भी मिले थे। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पीसीसीएफ से जवाब मांगा। इसके बाद सक्रिय हुई वन विभाग की टीम ने जांच तेज की और मुखबिर की सूचना पर सरपंच को हिरासत में लिया। आरोप सिद्ध होने पर महिला सरपंच को अदालत में पेश कर 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्हें अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेजा गया है। वन विभाग की टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच इस पूरे मामले की निगरानी कर रही है और वन्यजीव अपराध पर सख्त रुख अपनाए हुए है।
