बिलासपुर; मोबाइल पर बात करते हुए बेकाबू कार ने छात्राओं को मारी टक्कर, CCTV में कैद पूरी घटना…..


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले की वेयरहाउस रोड पर बड़ा हादसा हो गया। बेकाबू कार ने सड़क किनारे जा रही दो छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक छात्रा हवा में उछलकर दूर जा गिरी, जबकि दूसरी छात्रा बाल-बाल बची। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों छात्राएं स्कूल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक छात्रा दूर जाकर गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV फुटेज में साफ दिखा कि कार चालक मोबाइल पर बात करते हुए लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घायल छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। इस हादसे के बाद परिजनों और शहरवासियों में आक्रोश है। लोग सोशल मीडिया पर चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

