राखड़ माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 3 ट्रेलर जब्त……

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र में राखड़ की अवैध डंपिंग पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन भारी ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई चांपा एसडीएम सुमित बघेल के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर डंपिंग स्थल का निरीक्षण किया और अनियमितता पाए जाने पर तत्काल सख्त कदम उठाया। बताया गया कि बम्हनीडीह इलाके में लगातार राखड़ डंपिंग की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना था कि ट्रेलरों से हो रही इस अनाधिकृत राखड़ फेंकाव से रास्ता अवरुद्ध हो रहा था, जिससे आमजन को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए चांपा एसडीएम सुमित बघेल ने टीम के साथ स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राखड़ की अवैध डंपिंग करते तीन ट्रेलर पकड़े गए, जिन्हें तुरंत जब्त कर बम्हनीडीह थाना के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई के बाद एसडीएम सुमित बघेल ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

