दुर्ग; कुएं में मिली महिला और बच्चे की लाश..12 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा; प्रेमी और उसका भाई गिरफ्तार!

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में कुएं से एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे के शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रेमी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता चतुर्वेदी उर्फ पल्लवी उम्र 30-35 वर्ष और उसके बेटे के रूप में हुई है। सुनीता की रायपुर निवासी छत्रपाल सिंगौर (26 वर्ष) से इंस्टाग्राम पर जान-पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। छत्रपाल ने पहले शादी का झांसा दिया, लेकिन डेढ़ महीने पहले उसने किसी और महिला से विवाह कर लिया। इसके बाद भी सुनीता अपने बेटे के साथ उसके साथ रहने का दबाव बनाने लगी। इससे परेशान छत्रपाल ने अपने चचेरे भाई शुभम सिंगौर को मिलाकर हत्या की साजिश रची। 18 जून को छत्रपाल ने सुनीता और उसके बेटे को रायपुर से इलेक्ट्रिक स्कूटी पर बैठाकर खम्हरिया गांव लाया, जहां शुभम पहले से मौजूद था। वहां सुनसान खेत में दोनों भाइयों ने मिलकर पहले महिला और फिर उसके बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शवों को साड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया गया और दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया। साथ ही शवों के साथ पत्थर बांध दिए ताकि वे पानी में ऊपर न आ सकें। 22 जून को ग्रामीणों ने दो अलग-अलग जगहों पर कुएं में शव देखे और पुलिस को सूचना दी। अमलेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। दुर्ग एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी टीम गठित की गई, जिसने छानबीन के बाद छत्रपाल सिंगौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। रायपुर सिविल लाइन थाना में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से मृतका और उसके बेटे की शिनाख्त हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
