बिलासपुर; एक ही दिन में शनिचरी के भरे बाजार में हुई 2 ई-रिक्शा की चोरी..खेत में छिपा रखे थे..नाबालिग आरोपी सहित शिवम धराया!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इन मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पहला मामला तोरवा क्षेत्र के सूर्यवंशी मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार पटेल का है, जिसने 15 जून 2025 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रदीप ने बताया कि 31 मई की सुबह करीब 9:30 बजे वह शनिचरी बाजार में एक कस्टमर को छोड़ने गया था। ग्राहक को छोड़ने के बाद उसने होटल के बाहर ई-रिक्शा खड़ा किया और नाश्ता करने चला गया। वापस लौटने पर उसका ई-रिक्शा मौके से गायब था। आसपास खोजबीन करने के बाद भी रिक्शा नहीं मिला। इसी तरह दूसरा मामला यदुनंदन नगर निवासी बंधु वाधवानी का है, जिसने 16 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 31 मई को सुबह करीब 11 बजे वह शनिचरी बाजार गया था और ई-रिक्शा को एक पेड़ के पास खड़ा कर बाजार चला गया। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर उसका रिक्शा भी चोरी हो चुका था। दोनों रिपोर्टों पर अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। लगातार हो रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और संदेहियों की तलाश शुरू की। इस दौरान 23 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवम सिंह ठाकुर नाम का युवक चोरी का ई-रिक्शा चलाते देखा गया है और उसने रिक्शा को खेत के किनारे छिपा कर रखा है। थाना प्रभारी निलेश पांडेय के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी शिवम सिंह ठाकुर (20 वर्ष) निवासी ईमलीभाठा बंधवापारा सरकंडा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए रिक्शा क्रमांक CG 10 BT 9745 की बरामदगी करवाई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। वहीं दूसरी चोरी की घटना में पुलिस ने विधि से संघर्षरत एक नाबालिग को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 BU 2101 बरामद किया है। नाबालिग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
