मितानिन प्रेरक की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या..नदी किनारे मिला खून से सना शव, मोबाइल हैं गायब, जांच में जुटी पुलिस टीम!

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के ग्राम हुलघाट में मितानिन प्रेरक जयंती मंडल उम्र 40 वर्ष का शव संदिग्ध अवस्था में नदी किनारे पाया गया। महिला का सिर पत्थर से कुचला हुआ था। शव के पास खून से सना हुआ बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि महिला की बेहरमी से हत्या की गई है। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका वर्ष 2004 से दुर्गूकोंदल विकासखंड में मितानिन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत हामतवाही और चिखली की प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थीं। उनके पति सुभाष मंडल ने बताया कि 17 जून को जयंती बांदे से हामतवाही जाने निकली थीं, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो पाया। घटनास्थल पर महिला का बैग और पर्स बरामद किया गया है, लेकिन मोबाइल फोन गायब है, जिससे हत्या के पीछे लूट या कोई जान-पहचान वाला व्यक्ति होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दुर्गूकोंदल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
