सीपत! छत्तीसगढ़ को PM मोदी की सौगात: 800 मेगावाट की सीपत-3 ऊर्जा परियोजना की रखी आधारशिला, मोहभट्ठा में आमसभा, बिलासपुर को विकास कार्यों की सौगात…सीपत के परियोजना से होगा आर्थिक और सामाजिक विकास, पढ़िए पूरी खबर…….

सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत में एनटीपीसी की 800 मेगावाट क्षमता वाली सीपत-3 सुपर थर्मल पावर परियोजना की रिमोट के जरिए आधारशिला रखी। 9791 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा को सस्ती और विश्वसनीय बिजली की आपूर्ति करेगी। प्रधानमंत्री बिलासपुर के बिल्हा विकासखंड के मोहभट्ठा गांव में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 33,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। एनटीपीसी सीपत के स्टेज-3 की आधारशिला भी इसी दौरान रिमोट के माध्यम से रखी गई, जिसे NTPC सीपत के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नेताओं ने प्रोजेक्टर के जरिए लाइव देखा।

एनटीपीसी की सीपत-3 परियोजना देश की अत्याधुनिक अल्ट्रा-सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी पर आधारित होगी। इसके शुरू होते ही सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट हो जाएगी, जिससे राज्य और अन्य प्रदेशों को ऊर्जा सुरक्षा मिलेगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय विद्युत एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री व बिलासपुर सांसद तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक उपस्थित रहे। सीपत-3 परियोजना सतत विकास, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना न केवल छत्तीसगढ़ के ऊर्जा ढांचे को मजबूत करेगी बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों का भविष्य उज्जवल होगा और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।



















