IAS एस. जयवर्धन की दिल्ली में पोस्टिंग : गृह मंत्रालय में बने उप सचिव, आदेश जारी
2014 बैच के अधिकारी को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत उप सचिव बनाया गया है। राज्य सरकार ने तत्काल उन्हें कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं.....

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एस. जयवर्धन अब केंद्र सरकार के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे। 2014 बैच के इस अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है।
केंद्र की ओर से नियुक्ति से संबंधित आदेश की जानकारी छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को भेज दी गई है। इसके साथ ही राज्य सरकार को एस. जयवर्धन को उनके मौजूदा दायित्वों से तत्काल मुक्त कर नई दिल्ली में कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नई नियुक्ति के तहत एस. जयवर्धन गृह मंत्रालय में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से चार साल या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।
केंद्रीय स्टाफिंग योजना के नियमों के अनुसार, नियुक्ति आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर अधिकारी को नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। तय समयसीमा में पदभार ग्रहण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
