जंगल में पेड़ पर लटका मिला युवक-युवती का शव, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला…..

बीजापुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिला मुख्यालय बीजापुर से लगे ग्राम तुरनाम के जंगल में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक और युवती का शव पेड़ से लटका मिला। शवों से बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बीजापुर कोतवाली पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि शव करीब एक सप्ताह पुराने हैं। थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक मोबाइल भी लगा है, जिससे घटना के संबंध में कई तथ्य सामने आ सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मृतका नाबालिग बताई जा रही है, जो जंगला की रहने वाली थी। वहीं युवक की पहचान शंकर मंडावी के रूप में हुई है, जो कोंडागांव थाना क्षेत्र के तुरनार का निवासी था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
