गड्ढों में भरा पानी, व्यापारियों ने नहाकर किया विरोध, दुकानदार बोले- आवागमन और कारोबार में हो रही दिक्कतें, ओवर ब्रिज भी है बंद……

कोरबा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में सड़क की जर्जर हालत से परेशान व्यापारियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इमली छापर चौक और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास फोरलेन सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव से नाराज़ व्यापारियों ने रविवार को सड़क पर जमा पानी में नहा कर विरोध जताया। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगभग 100 मीटर लंबे हिस्से में जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं, इमली छापर का ओवर ब्रिज बंद होने से आवागमन की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि पिछले दो सालों से यही स्थिति बनी हुई है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भरने से व्यापार प्रभावित हो रहा है और कॉलोनीवासी भी रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र दीपका, कुसमुंडा, मोंगरा, हरदी बाजार और आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क और ज्यादा खराब हो गई है। खराब सड़क की वजह से कई हादसे भी हो चुके हैं। व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क और ओवर ब्रिज की मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है।
