होटल की तीसरी मंजिल से कूदी युवती, हालत गंभीर…..

बलौदाबाजार: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के कसडोल में स्थित होटल पैराडाइज में एक चौंकाने वाली घटना हुई। यहां एक युवती ने होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, युवती का नाम दीपा बाघ है, जो मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। वह अपने पिता के साथ होटल आई थी, जो वहां स्वीपर का काम करते हैं। अचानक दीपा होटल की छत पर पहुंच गई और किनारे खड़ी होकर छलांग लगाने की कोशिश करने लगी। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। आखिरकार उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दीपा को कूदते हुए देखा जा सकता है।कसडोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवती की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
