सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की भिड़ंत : 12 वर्षीय बेटे ने भी गंवाई जान, परिवार का दूसरा बेटा बाल-बाल बचा
धमतरी के अरमरीकला-सनौद मार्ग पर बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा बाल-बाल बच गया...

धमतरी। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अरमरीकला और सनौद के बीच बाइक की सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार का दूसरा बेटा हादसे में बाल-बाल बच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचराबांधा निवासी अनोन कुमार (12) अपने पिता और भाई के साथ 4 अक्टूबर को ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव कचराबांधा लौट रहे थे।
ट्रक से टकराई बाइक, मौके पर गई जान
वापसी के दौरान अरमरीकला और सनौद के बीच उनकी बाइक सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़की। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा सदस्य इस हादसे में गंभीर स्थिति से बच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब हादसे की वजह के साथ-साथ सड़क किनारे ट्रक किस परिस्थिति में खड़ा था, इसकी भी जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद गांव और मृतक परिवार में शोक का माहौल है। एक ही हादसे में पिता और बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

