बिलासपुर में मां के घर ही चोरी : निलंबित आरक्षक ने दो दोस्तों संग मिलकर उड़ाए 6 लाख के जेवर-नगदी, तीन गिरफ्तार
बिलासपुर के उसलापुर में मां के घर चोरी के मामले में निलंबित आरक्षक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने करीब 6 लाख के जेवर-नगदी और बुलेट बरामद की है....

बिलासपुर। सकरी इलाके में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, घर में हुई चोरी के पीछे किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिवार के ही सदस्य का हाथ था। मामले में निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा को उसके दो कथित साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद करने की बात कही है।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी जब्त कर ली है।
मां के बाहर जाते ही घर को बनाया निशाना
पूरा मामला उसलापुर की सागरदीप कॉलोनी का है, जहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं। बताया गया कि बिन्दावती कुछ काम से रीवा गई थीं। उनके घर से बाहर रहने के दौरान आशीष घर पर ही था। वापसी के बाद बिन्दावती ने घर का ताला टूटा हुआ देखा। घर के भीतर सामान की जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सकरी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
बेटे पर जताया शक, पुलिस पूछताछ से खुली परतें
चोरी की घटना के बाद बिन्दावती को अपने बेटे आशीष पर संदेह हुआ। पुलिस को भी शिकायत के दौरान इस संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद जांच टीम ने आशीष से पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आशीष से मिली जानकारी के आधार पर उसके दो साथियों तक पुलिस पहुंची। दोनों से पूछताछ करने पर कथित तौर पर चोरी की वारदात में उनकी भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मिलकर घर से जेवर और नगदी ले जाने की बात स्वीकार की है।
चोरी का सामान और बुलेट बाइक बरामद
सकरी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद करने का दावा किया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक क्रमांक CG 10 AZ 5100 भी जब्त की गई है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

