श्मशान में 16 लोगों की मौजूदगी से हड़कंप; पूजा-पाठ, मुंडन और 60 नींबू ने बढ़ाया रहस्य..9 पर कार्रवाई!


बालोद: (प्रांशु क्षत्रिय) रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास संदिग्ध गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। 27 सितंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच दूसरे गांवों से आए करीब 14 से 16 लोग श्मशान के पास पूजा-पाठ और मुंडन करते नजर आए। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुछ लोग वहां से भाग निकले और करीब छह लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर रनचिरई पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। ग्रामीणों के मुताबिक, मौके से करीब 60 नींबू, त्रिशूल, अलग-अलग प्रकार की मिट्टी और अन्य सामग्री मिली। वहीं मुर्गों की बलि और दफनाने की चर्चा भी सामने आई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के तीन दिन बाद 30 सितंबर को पुल के पास मटकी, नारियल, धागे से बंधी सामग्री और सिक्का मिलने से ग्रामीणों का संदेह और बढ़ गया। कुछ लोग इसे गड़े धन की तलाश से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि पुलिस ने अभी तक ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है। एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना के मुताबिक, ग्रामीणों की शिकायत पर रनचिरई थाने में 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और सभी को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घटना के अगले दिन कुछ बाइक जब्त किए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल तंत्र-मंत्र, बलि या गड़े धन की तलाश जैसी चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बरामद सामग्री और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही श्मशान के पास हुई गतिविधियों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

